सुधेड़ में दिनदहाड़े पांच लाख के गहने और नकदी उड़ा ले गए चोर
सब हेड
पत्नी को दवाई लेने के लिए साथ गया था पति, घर में नहीं था कोई
क्रासर
इसी पंचायत में मंदिर से दानपात्र भी चोरी
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला कांगड़ा में शातिर चोरों के हौसले बुलंद हैं। आए दिन चोरी की वारदातों से लोगों में दहशत का माहौल है। ताजा मामले में जिला मुख्यालय के साथ लगती पंचायत सुधेड़ में चोरों ने दिनदहाड़े चोरी की वारदात को अंजाम दिया। इस दौरान चोर करीब 5 लाख के गहने और 25 हजार की नकदी उड़ा ले गए।
जानकारी के अनुसार जिस समय चोरों ने वारदात को अंजाम दिया, उस दौरान घर में कोई भी नहीं था। घर में पति-पत्नी रहते हैं। शुक्रवार को पत्नी की तबीयत ठीक नहीं थी, तो पति उसे दवाई लाने के लिए उसके साथ गया था। दवाई लेकर जब वे घर पहुंचे तो चोर घर में रखे सोने के गहनों और नकदी पर हाथ साफ कर चुके थे। इसके अलावा चोर इसी पंचायत में एक मंदिर के दान पात्र को भी उड़ा ले गए हैं। वहीं इस संदर्भ में पीड़ितों ने चोरी की शिकायत पुलिस में कर दी है। वहीं सदर थाना प्रभारी सुनील राणा का कहना है कि चोरी की सूचना मिली है। आईओ को मौके पर भेजा गया है। चोरों ने क्या-क्या चुराया है, इसकी जानकारी आईओ के आने के बाद ही पता चलेगी।
लक्ष्मी नारायण मंदिर में चोरी का प्रयास
शाहपुर (कांगड़ा)। रैत स्थित लक्ष्मी नारायण मंदिर में चोरों ने चोरी का प्रयास किया। मंदिर कमेटी सचिव मदन शर्मा ने बताया कि इस बारे में शाहपुर पुलिस में शिकायत दर्ज करवा दी है। चोरों ने मंदिर के बाहर शीशे को तोड़ डाला है। चोर हालांकि चोरी करने में नाकाम रहे हैं, लेकिन मंदिर कमेटी को काफी नुकसान हुआ है। पुलिस शिकायत मिलते ही जांच में जुट गई है। मदन शर्मा ने बताया कि जब सुबह लोग पूजा करने के लिए मंदिर पहुंचे तो इस वारदात का पता लगा। उन्होंने बताया कि मंदिर में एल्युमिनियम की फिटिंग कर शीशा लगाया गया है। मंदिर का यह दरवाजा बंद होता है। चोरों ने मंदिर के भीतर प्रवेश करने के लिए शीशा तोड़ डाला है।