अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर (कांगड़ा)। पालमपुर में शुक्रवार सायं सुभाष चौक में दो बैलों की लड़ाई ने पूरे शहर को अंधेरे में डुबो दिया। जानकारी के अनुसार चौक पर दो लावारिस बैल लड़ाई कर रहे थे कि अचानक बिजली के खंभे को धक्का लगा और वह गिर गया। इससे बिजली की तारें टूट कर सड़क पर आ गिरीं। गनीमत यह रही कि उस समय सड़क पर कोई गाड़ी नहीं थी। नहीं तो कोई बड़ा हादसा हो सकता था। खंभा गिरने से शहर में बिजली चली गई, जबकि ट्रैफिक को भी दूसरे रास्ते से डायवर्ट करना पड़ा। मौके पर लोग इकट्ठे हुए और उन्होंने दोनों तरफ से वाहनों की आवाजाही को रोका। उसके बाद पुलिस प्रशासन और बिजली बोर्ड के अधिकारी मौके पर पहुंचे। इस दौरान उन्होंने तारों को हटवाया और यातायात को बहाल किया। इससे शहर में करीब एक घंटा यातायात बाधित रहा, जबकि पालमपुर शहर अंधेरे में डूबा रहा। उधर, बिजली बोर्ड के एसडीओ सुरजीत कुमार ने बताया कि घटना का पता चलते बिजली कर्मी मौके पर पहुंच कर बिजली सप्लाई बंद कर दी, रिपेयर की जा रही है। वहीं एसडीएम बलवान मंढोत्रा ने कहा पुलिस और बिजली बोर्ड को मौके पर भेजा गया। इससे स्थिति पर काबू पा लिया है।