मारंडा (कांगड़ा)। ठाकुरद्वारा के पास बैटरी की दुकान में चोरों ने सेंध लगाकर नकदी उड़ा ली। हालांकि, लोगों के शोर मचाने पर चोर बैटरियां चुराने में नाकाम रहे। बहरहाल, पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर मामले की तफ्तीश शुरू कर दी है।
पुलिस के अनुसार ठाकुरद्वारा में सोमवार देर रात चोर दुकान से बैटरियां चोरी कर रहे थे। इस बीच वहां पर रहने वाले ट्रक चालक टिक्कू रात करीब ढाई बजे अपने घर के साथ खड़े ट्रक को ले जाने लगा, तो उसने देखा कि बैटरी की दुकान का शटर खुला है। चार-पांच लोग बैटरियां बाहर निकाल रहे हैं। इस पर उसने शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनते ही आसपास के लोग उठ गए और चोर बैटरियां छोड़कर भाग गए। इस बात का पता दुकान मालिक को लगा, तो उसने देखा कि बैटरियां तो बच गई हैं। लेकिन, चोर दुकान में रखे आठ हजार रुपये ले गए हैं। इसकी सूचना पालमपुर पुलिस को दी। पालमपुर पुलिस ने सूचना मिलते ही घटनास्थल का दौरा कर लिया है। उधर, थाना प्रभारी भपेंद्र ठाकुर ने कहा कि पुलिस ने घटनास्थल का दौरा किया है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।