युवक पर अश्लील मैसेज भेजने का आरोप
जान से मारने की धमकी पर दर्ज करवाई शिकायत
अमर उजाला ब्यूरो
राजा का तालाब (कांगड़ा)। पुलिस चौकी रैहन में एक युवती ने क्षेत्र के साथ लगते गांव के एक लड़के के खिलाफ फोन पर अश्लील मैसेज, गंदी गालियां और जान से मारने की धमकियां देने की शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस में दी गई शिकायत में लड़की ने आरोप लगाया है कि वह हिमाचल से बाहर पढ़ाई करती है और पिछले कई दिनों से एक लड़का उसे उसके फोन पर रोज तंग कर रहा है। जब उसने उस नंबर पर बात न की तो फिर वह हर रोज अलग-अलग नंबरों से उसे फोन कर तंग करता चला आ रहा है। लड़की के अनुसार जब उस लड़के के नंबर को खंगाला गया तो वह लड़का रैहन के नजदीकी गांव खेहर का निकला। उसने आरोप लगाया कि युवक जहां उसे फोन पर तंग कर रहा है, वहीं फेसबुक पेज पर भी अश्लील सामग्री परोसकर उसे प्रतिदिन मानसिक तौर पर परेशान करता है। शिकायतकर्ता लड़की ने लड़के के खिलाफ उचित कार्रवाई की मांग की है। उधर, थाना प्रभारी नूरपुर ओंकार चंद ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि लड़की की शिकायत पर मामला दर्ज लिया गया है और पुलिस जांच में जुटी हुई है।