अरनी विश्वविद्यालय पर 48 लाख रुपये के गबन का आरोप
प्रबंधन ने दो साल से जमा नहीं करवाया कर्मचारियों का प्रोविडेंट फंड
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। जिला कांगड़ा के इंदौरा में चल रही अरनी विश्वविद्यालय पर 48 लाख रुपये के गबन का मामला दर्ज हुआ है। विवि प्रशासन ने यहां तैनात कर्मचारियों की सैलरी से प्रोविडेंट फंड का पैसा तो काट लिया, लेकिन उसे जमा नहीं करवाया। इस पर विवि के स्टाफ ने इस संबंध में पुलिस थाना इंदौरा में शिकायत दर्ज करवाई है। शिकायत के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार शिकायत पत्र में बताया गया है कि अरनी विवि में मौजूदा समय में 5494 अधिकारी और स्टाफ कार्यरत है। विवि प्रशासन ने दिसंबर 2015 से लेकर मार्च 2018 तक स्टाफ का प्रोविडेंट फंड उनकी सेलरी से तो काट लिया, लेकिन उसे कहीं जमा नहीं करवाया। यह राशि अब तक 48,82,218 रुपये तक पहुंच चुकी है। वहीं अब कर्मचारियों की सेलरी से पैसा काटने के बावजूद कहीं जमा न करवाने के चलते अब इन कर्मचारियों को प्रोविडेंट फंड का भी कोई लाभ नहीं मिलेगा। मामले की पुष्टि एसपी कांगड़ा संतोष पटियाल ने की है। उन्होंने बताया कि शिकायत के आधार पर विवि प्रशासन के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया और छानबीन शुरू कर दी है।