थुरल (कांगड़ा)। पुलिस चौकी थुरल की बालकरूपी पंचायत के गांव छैंटी में सोमवार रात को एक 20 वर्षीय युवक अमित कुमार ने कोई जहरीला पदार्थ निगल लिया। इससे उसकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार अमित कुमार पुत्र बलवंत सिंह गांव छैंटी का निवासी था।
अमित कुमार आईटीआई के बाद सुजानपुर में कंप्यूटर का कोर्स कर रहा है। उसके परिवार वालों ने बताया कि अमित कुमार हर दिन की तरह सुजानपुर से आया और घर में पशुओं के लिए घास काटकर ले आया। शाम को खाना खाकर सभी अपने-अपने कमरों में सो गए। रात के करीब दस बजे अमित कुमार बाहर निकला और उल्टियां मारने लगा। यह देख उसे गाड़ी में हमीरपुर अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उसकी गंभीर हालत को देख उसे टांडा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। लेकिन, उसने मंगलवार सुबह करीब चार बजे उसकी मौत हो गई। अस्पताल के डॉक्टरों ने इसकी सूचना पुलिस चौकी थुरल को दी। पुलिस चौकी के प्रभारी प्रेमपाल शर्मा अस्पताल में पहुंचे और अमित कुमार के माता-पिता के बयान दर्ज किए।
उधर, चौकी प्रभारी प्रेमपाल शर्मा ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सौंप दिया है और मामले की छानबीन की जा रही है। मौत के कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद चलेगा।