पति ने मारकर खेत में दफना दी थी महिला, जुर्म कबूला
सीआईडी ने सुलझाया दो वर्ष पूर्व गुमशुदा हुई महिला का मामला
सीआईडी आज करेगी जगह की खुदाई
अमर उजाला ब्यूरो
नगरोटा बगवां (कांगड़ा)। लगभग दो वर्ष पूर्व पुलिस थाना क्षेत्र नगरोटा बगवां के ठानपुरी गांव से गुम हुई एक 44 वर्षीय महिला के मामले को सीआईडी ने लगभग सुलझा लिया है। जानकारी के अनुसार इस मामले में सीआईडी ने गुमशुदा महिला के पति और उसके एक रिश्तेदार को हिरासत में लिया गया है। बताया गया है कि उक्त महिला के पति ने उसे मार कर विकास खंड नगरोटा बगवां की ग्राम पंचायत मुहालकड़ चाहड़ी के टीका निहांडा में एक खेत मे दफनाए जाने की बात कबूल कर उस जगह की शिनाख्त कर दी है।
मिली जानकारी के अनुसार लगभग दो वर्ष पूर्व उक्त महिला की गुमशुदगी की रिपोर्ट नगरोटा बगवां पुलिस थाना में लिखवाई गई थी, लेकिन उसका कोई अता पता न लगने पर उक्त महिला के शाहपुर स्थित मायके वालों ने यह मामला सीआईडी में दर्ज करवाया गया था। इस मामले को लेकर सीआईडी ने गहनता से की गई जांच पड़ताल में उक्त महिला के पति और पति के एक रिश्तेदार को गहरी पूछताछ के बाद हिरासत में ले लिया गया। बुधवार को इस मामले में सीआईडी के जांच अधिकारियों सहित डीएसपी कांगड़ा पूर्ण चंद ठाकुर, नगरोटा बगवां पुलिस थाना के एसएचओ सुरिंदर ठाकुर और एएसआई अशोक राणा की टीम ने उक्त महिला के पति और उसके रिश्तेदार को साथ लेकर महिला को दफनाए जाने वाले मुहालकड़ चाहड़ी पंचायत के गांव निहांडा में पहुंचकर महिला के पति से उस स्थान की शिनाख्त करवाई, जहां महिला को कथित रूप से दफनाया गया था। हालांकि पुलिस की टीम ने महिला के पति के बताए गए स्थान पर खुदाई करने की पूरी तैयारी कर ली थी, लेकिन सायं सात बजे का समय हो जाने पर अब खुदाई का यह कार्य वीरवार तक लंबित कर दिया गया है। इस मामले की पुष्टि सीआईडी के एसपी संदीप धवन ने की है।