अमर उजाला ब्यूरो
ज्वालामुखी (कांगड़ा)। थाना ज्वालामुखी के तहत एक युवक को बंधक बनाकर मारपीट करने का मामला सामने आया है। ज्वालामुखी मंदिर के कर्मचारी राजकुमार ने थाना में शिकायत दर्ज करवाई है कि शुक्रवार रात करीब 8 बजे उनके बेटे मनोहर लाल (32) निवासी (खौलियां) रैंखा को इसी गांव का निवासी अजय कुमार पुत्र कौर चंद उधार लिए हुए पैसे वापिस करने के बहाने अपने घर ले गया और उनके बेटे को अपने घर में बंधक बनाकर मारपीट की। स्थानीय लोगों ने उन्हें इसकी सूचना दी तो वे आरोपी के घर पहुंचे और अपने बेटे को छोड़ने के लिए कहा, लेकिन अजय कुमार ने दरवाजा नहीं खोला। राजकुमार ने पुलिस को इसकी सूचना दी और बाद में पुलिस के आने पर आरोपी ने उनके बेटे को छोड़ा। मारपीट में मनोहर लाल को काफी चोटें आई हैं जिसका मेडिकल भी करवाया गया है। डीएसपी योगेश दत्त जोशी ने मामला दर्ज करने की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि घटना की छानबीन की जा रही है।