गगल (कांगड़ा)। नवरात्रों के दौरान मां चामुंडा मंदिर में माथा टेेकने गईं गगल की बुजुर्ग महिला के सोने के कंगन पर शातिरों ने हाथ साफ कर दिया। योल पुलिस चौकी में दर्ज करवाई शिकायत में गगल निवासी 71 वर्षीय राजरानी बेदी के पति ने कहा कि वे अपनी पत्नी, बहन और पोते के साथ 27 सितंबर की शाम चामुंडा मंदिर में माथा टेकने गए थे। इस दौरान उनकी पत्नी के दाईं बाजू में पहने लगभग 2 तोले के सोने के कंगन को शातिर उड़ा ले गए। घर वापस आने पर उन्हें इस बारे में पता चला। उन्होंने संदेह जताया है कि मंदिर में कोई चोर गिरोह सक्रिय है। महिला राजरानी के अनुसार यह कंगन उनके हाथ से शातिरों ने उस समय निकाला है जब वह मंदिर के बाहर आंखें बंद कर माता का ध्यान कर रही थीं। उन्होंने पुलिस से मंदिर में उस दिन की सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर शातिरों को पकड़ने का आग्रह किया है। वहीं, योल पुलिस चौकी प्रभारी स्वरूप चंद ने कहा कि पुलिस मंदिर के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, लेकिन अभी तक कंगन चुुराने वालों का कोई सुराग नहीं मिला है। पुलिस की जांच जारी है।