स्वाइन फ्लू पर महकमा सतर्क, टांडा में बनाया अलग वार्ड
अस्पताल प्रबंधन की व्यवस्था, जिले में अभी तक आ चुके हैं 13 मामले
दो मरीजों का चल रहा है अस्पताल
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। स्वाइन फ्लू के ताजा मामले आने के बाद स्वास्थ्य विभाग सतर्क हो गया है। डॉ. राजेंद्र प्रसाद मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल टांडा में स्वाइन फ्लू के मरीजों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है। हालांकि, वीरवार को टांडा में स्वाइन फ्लू का कोई नया मामला सामने नहीं आया है। बुधवार को पॉजिटिव आए भवारना और चंबा के सिहुंता निवासी का विशेष वार्ड में उपचार चल रहा है।
पहली जनवरी से कांगड़ा जिला में अभी तक सबसे ज्यादा 13 मरीजों में स्वाइन फ्लू होने की पुष्टि हुई है। उधर, टांडा अस्पताल के एमएस डॉ सुरेंद्र भारद्वाज ने कहा कि संभावित मरीजों की सैंपल लेकर स्वाइन फ्लू की जांच की जा रही है। मरीजों के लिए अलग वार्ड की व्यवस्था की गई है।
संभावित मामलों को टांडा रेफर करने की हिदायत
कांगड़ा जिले में स्वाइन फ्लू के सबसे ज्यादा मामले आने के बाद स्वास्थ्य विभाग ने अलर्ट जारी किया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी कांगड़ा डॉ जीडी गुप्ता ने कहा कि सभी मेडिकल ऑफिसरों को स्वाइन फ्लू के संभावित मरीजों को टांडा अस्पताल रेफर करने की हिदायत दी है, ताकि वहां पर मरीजों के सैंपल लेकर जांच की जा सकें।