अमर उजाला ब्यूरो
इंदौरा/डमटाल(कांगड़ा)। इंदौरा उपमंडल के वाई अट्टारियां औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित दो उद्योगों पर बैंक का करोड़ों रुपये का कर्ज न लौटाने पर जम्मू एंड कश्मीर बैंक ने सारा रिकॉर्ड सील कर लिया है। जम्मू से पहुंचे जेएंडके बैंक के असिस्टेंट वाइस प्रेसिडेंट जोगिंद्र पाल शर्मा, एग्जीक्यूटिव मैनेजर जोनल जम्मू तारा चंद, सीनियर एग्जीक्यूटिव मैनेजर जम्मू अजित राठौर, ब्रांच हेड त्रिकुटानगर धीरज शर्मा, मैनेजर ब्रांच नानक नगर गुरदीप सिंह सहित अन्य अधिकारियों की टीम ने इंदौरा पुलिस की टीम के साथ कंदरोड़ी के वाई अट्टारियां औद्योगिक क्षेत्र में स्थापित दोनों उद्योगों को सील कर दिया है।
उन्होंने बताया कि एक औद्योगिक कंपनी के नाम बैंक का सात करोड़ 56 लाख 51 हजार रुपये और दूसरी के नाम से तीन करोड़ 44 लाख 86 हजार रुपये का कर्ज बकाया है। उन्होंने बताया कि इन दोनों उद्योगों को बेच कर बैंक अपना पैसा पूरा करेगा। अगर फिर भी पैसा पूरा न हो पाया तो डिफाल्टरों की निजी संपत्ति को भी बैंक अपने अधीन कर अपना सारा पैसा पूरा करेगा।