अमर उजाला ब्यूरो
शाहपुर (कांगड़ा)। शाहपुर विधानसभा के धरकंडी के गांव दरीणी में टल माता मंदिर से चोरी हुई 16 चरोटियों, नौ कड़ाहियों सहित अन्य सामान पर स्थानीय लोगों में रोष है। क्योंकि, अभी तक मामले में पुलिस को कोई भी सुराग नहीं मिल पाया है। पूर्व मंत्री मेजर विजय सिंह मनकोटिया और केंद्रीय विवि संघर्ष समिति के अध्यक्ष सुरेश ठाकुर ने घटना की निंदा करते हुए सरकार से मांग की है कि जल्द ही मंदिर की चोरी में संलिप्त चोरों को जल्द पकड़ा जाए। मंदिर की सुरक्षा के कड़े इंतजाम जिला प्रशासन करे। अब तक गांव के ही लोग बारी-बारी मंदिर की हिफाजत कर सुरक्षा की जिम्मेदारी लेते हैं। उधर, एसडीएम शाहपुर जगन ठाकुर ने मंदिर पुजारियों के साथ मंदिर परिसर में बैठक की। इसमें मंदिर कमेटी बनाने और इसे पंजीकृत करने, सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने का सुझाव दिया गया। साथ ही लोहे के जंगले लगवाने पर भी चर्चा हुई। इस मौके पर नायब तहसीलदार राजिंद्र कुमार और पुलिस थाना शाहपुर प्रभारी मुनीश शर्मा, एएसआई गुलाब सिंह आदि मौजूद रहे।