डमटाल (कांगड़ा)। पुलिस चौकी डमटाल के तहत राष्ट्रीय राजमार्ग पर छन्नी बेली के नजदीक एक टेंपो में सोये युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान रोहित कुमार (23) निवासी गांव बौड़ तहसील नूरपुर के रूप में हुई है। रोहित सब्जी बेच कर आजीविका कमाता था। जानकारी के अनुसार डमटाल पुलिस चौकी में शनिवार देर शाम युवक के मामा तिलक राज ने शिकायत दर्ज करवाई कि उनका भांजा अपना टेंपो निरंकारी सत्संग भवन छन्नी के नजदीक सुबह से खड़ा करके उसमें सोया हुआ था और उसकी मौत हो गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस चौकी प्रभारी कुलदीप चंद शर्मा अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज कर छानबीन शुरू की। पुलिस ने टेंपो को भी अपने कब्जे में ले लिया। चौकी प्रभारी कुलदीप शर्मा ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट से ही युवक की मौत के कारणों का पता चलेगा। डीएसपी नूरपुर मेघनाथ चौहान ने कहा कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।