अमर उजाला ब्यूरो
पालमपुर(कांगड़ा)। नगर परिषद पालमपुर का अब जिन दुकानदारों ने बकाया किराया नहीं चुकाया है, उनकी दुकानें जब्त कर ली जाएंगी। नप पालमपुर के इस समय करीब पांच दर्जन दुकानदार डिफाल्टर चल रहे हैं। नप ने इनको नोटिस भेज दिए हैं। साथ ही इन डिफाल्टर दुकानदारों के खिलाफ एसडीएम न्यायालय में भी केस दायर कर दिया है। इन दुकानदारों के पास नप का कई सालों से पैसा फंसा हुआ है।
नप पालमपुर ने अब डिफाल्टर दुकानदारों को साफ चेता दिया है कि अबकी बार नप का दुकानों का बकाया किराया नहीं भरा, तो उनकी दुकानों को जब्त कर लिया जाएगा। नप पहले भी कई बार इन डिफाल्टर दुकानदारों को नोटिस भेज चुकी है। बावजूद इसके दुकानदारों ने नप का किराया नहीं भरा है। लिहाजा, अब नप इस मामले को एसडीएम न्यायालय में ले गई है। साथ ही दुकानदारों को फाइनल नोटिस भी भेज दिया है। इसमें साफ कहा गया है कि अबकी बार पैसा नहीं भरा तो दुकानदारों की दुकानें जब्त कर ली जाएंगी। नप की मानें तो इस समय शहर पालमपुर में करीब पांच दर्जन से अधिक ऐसे दुकानदार हैं, जिन्होंने नप का बकाया किराया नहीं भरा है। इससे इस समय करीब 30 से 32 लाख रुपये इन दुकानदारों के पास नप का फंसा हुआ है। हालांकि, नप का पहले करीब 93 लाख रुपया दुकानदारों के पास फंसा था। इस पर सख्त हुई नप ने करीब 55 से 60 लाख रुपया वसूल लिया है। उधर, नप के कार्यकारी अधिकारी देशराज चौधरी का कहना है कि नप ने जिन दुकानदारों ने किराया नहीं भरा है। उसके खिलाफ एसडीएम न्यायालय में मामला दायर किया है। साथ ही नोटिस भी डाले हुए है।
बाक्स
नप कर रही है रिकवरी : उपाध्यक्ष
नगर परिषद के उपाध्यक्ष बलवंत ठाकुर ने कहा कि नप का पैसा कई दुकानदारों के पास फंसा है। दुकानदारों से नप या पैसा वसूल रही है। पहले भी नप ने अपना पैसा वसूल किया है।