राजा का तालाब (कांगड़ा)। रैहन पुलिस चौकी के तहत तलवाड़ा मार्ग पर बीती रात लगभग साढ़े आठ बजे एक कार चालक ने राहगीर को टक्कर मार दी। हादसे में राहगीर की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस के अनुसार घटना शुक्रवार देर रात की है । जानकारी के अनुसार एक स्विफ्ट डिजायर कार को चालक योगेश अवस्थी फतेहपुर से रैहन की ओर लेकर आ रहा था। इसी दौरान उक्त मार्ग के ननून्ह में कार चालक योगेश अवस्थी ने सड़क पर चलते बाबू राम को जोर से टक्कर मार दी। टक्कर में बाबू राम की मौके पर ही मौत हो गई । इसके बाद चालक कार को भगाकर ले गया। पुलिस ने कार चालक को सुबह घर से हिरासत में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। मृतक की पहचान बाबू राम (64) पुत्र हुकमी राम निवासी ननून्ह तहसील फतेहपुर के तौर पर हुई है। डीएसपी नूरपुर मेघनाथ चौहान ने बताया कि चालक योगेश अवस्थी हिट एंड रन के चलते मौके से भाग गया था। पुलिस ने 279-304 ए के तहत मेडिकल करवाकर उसे हिरासत में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।