अमर उजाला ब्यूरो
अवाहदेवी/टौणीदेवी(हमीरपुर)। पुलिस चौकी अवाहदेवी के अंतर्गत बराड़ा गांव में एक महिला की करंट लगने से मौत हो गई। करंट लगने के बाद महिला को परिजन टौणीदेवी अस्पताल ले गए। चिकित्सकों ने यहां महिला को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने सूचना मिलते ही अस्पताल पहुंचकर शव कब्जे में ले लिया। शव को पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल हमीरपुर भेज दिया गया। सुलोचना देवी (42) पत्नी तिलक राज निवासी बराड़ा सुबह करीब साढ़े आठ बजे नहाने के बाद कपड़े सुखाने के लिए नंगे पांव छत पर चली गई। जैसे ही सुलोचना ने कपड़े सुखने डालने को लोहे की रॉड से हाथ लगाया तो उसे जोरदार करंट लगा। इसके चलते सुलोचना लोहे की रॉड से चिपक गई। पड़ोसियों ने सुलोचना को लोहे की रॉड से चिपका देखा तो शोर मचाया। इसके चलते परिजन तुरंत उसे टौणीदेवी अस्पताल ले गए लेकिन यहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए क्षेत्रीय अस्पताल भेज दिया। एएसपी डॉ. शिव कुमार शर्मा का कहना है कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम को भेज दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।