कालापुल में मिला शव की हुई शिनाख्त, पोस्टमार्टम के परिजनों को सौंपा
चार मई को लुधियाना से धर्मशाला घूमने आया था अमरजीत
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला। पुलिस थाना मैक्लोडगंज के तहत काला पुल में मिले शव की पहचान हुई है। मृतक के पास मिले दस्तावेजों के आधार पर छानबीन के बाद उसकी पहचान अमरजीत सिंह (78) पुत्र हरदयाल राम निवासी विकास नगर लुधियाना के रूप में हुई है। पहचान के बाद वीरवार को टांडा अस्पताल में पोस्टमार्टम करवाकर पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया है। बताया जा रहा है कि अमरजीत सिंह चार मई को अपने घर से अकेला ही धर्मशाला घूमने के लिए निकाला था। यहां से आते वक्त वह अपने साथ अपनी बहु की स्कूटी और एक अन्य व्यक्ति जसवीर सिंह के बाइक की आरसी साथ लाया था। लुधियाना से सुबह जैसे ही वह धर्मशाला पहुंचा तो घर वालों से उसकी एक बार बात हुई और उसके बाद उसका फोन बंद हो गया। उधर, एएसपी कांगड़ा दिनेश कुमार शर्मा ने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों को पता चल पाएगा।