बैजनाथ (कांगड़ा)। पपरोला खास के जलेहड़ गांव में चोरों ने दो घरों में चोरी कर सोने के आभूषणों पर हाथ साफ किया है। चोरी की घटना में दो परिवारों के 23 तोले साने के आभूषण चोरी हुए हैं। पीड़ित अमरदीप सिंह और निकू राम निवासी जलेहड़ ने पुलिस को बताया कि चोरों ने गांव की एक गोशाला में विश्राम करने के बाद प्लानिंग के साथ चोरी की घटना को अंजाम दिया।
रविवार रात घरवालों को जब साथ लगते कमरे से कुछ आवाजें सुनाई दीं, तो उन्होंने उठकर शोर मचाना शुरू कर दिया। इसके बाद चोर वहां से भाग गए। वहीं घटना की जानकारी मिलते ही डीएसपी प्रताप सिंह और एसएचओ रामदास ने पुलिस टीम के साथ घटनास्थल का दौरा किया और समीपवर्ती जवाहर नवोदय स्कूल में लगे सीसीटीवी फुटेज को भी खंगाला। इसमें एक सफेद रंग की ओमनी कार को रविवार रात करीब 11.30 बजे जलेहड़ गांव की ओर जाती दिखी। अंदेशा जताया गया कि चोर इसी वाहन से जलेहड़ गांव में दाखिल हुए हैं। बैजनाथ के डीएसपी प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। एक अन्य स्थान पर लगे सीसीटीवी फुटेज को भी पुलिस खंगालेगी।