शहीद के मेडल चोरी होने के मामले में जांच तेज
पुलिस ने लोगों के लिए बयान, डीएसपी बैजनाथ भी मौके पर पहुंचे
अमर उजाला ब्यूरो
लंबागांव (कांगड़ा)। पुलिस थाना लंबागांव के तलवाड़ गांव में मंगलवार को वीरचक्र विजेता शहीद कुशल सिंह के घर हुई चोरी के मामले में पुलिस ने जांच तेज कर दी है। मामले की जांच को लेकर डीएसपी बैजनाथ प्रताप सिंह ठाकुर भी पुलिस टीम को लेकर बुधवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस टीम के साथ मौके का जायजा लिया। मामले की जांच कर रहे लंबागांव पुलिस के जांच अधिकारी एएसआई नंदलाल ने बताया कि पुलिस चोरी के मामले में हर पहलू को खंगाल रही है। मामले में कुछ लोगों के बयान भी लिए गए हैं। मंगलवार दिन को तलवाड़ गांव के 1971 के वीरचक्र विजेता शहीद कुशल सिंह के घर में अज्ञात चोरों ने पिछला दरवाजा तोड़कर चोरी की थी। चोरी की घटना के समय शहीद का बेटा पदम ठाकुर और उनकी पत्नी ड्यूटी पर गई थीं। चोरों ने घर के अंदर घुसकर शहीद कुशल सिंह के दो सेवा मेडल, कीमती सामान, चांदी के सिक्के, गिलास और नकदी चुराई पर हाथ साफ किया है।