सैर कर रही युवती से छेड़छाड़, जबरन कार में बैठाने की कोशिश
जवाली (कांगड़ा)। पुलिस थाना जवाली के भरमाड़ गांव में एक युवती के साथ छेड़छाड़ व रास्ता रोककर जबरदस्ती कार में बैठाने का मामला सामने आया है।
जानकारी के अनुसार पुलिस थाना जवाली में पिता के साथ युवती ने शिकायत दर्ज करवाई है कि वह शुक्रवार शाम को सैर करने के लिए घर से निकली। कुछ ही दूर सड़क पर भरमाड़ का ही युवक गाड़ी लेकर आया और उससे छेड़खानी करने लगा। जबरदस्ती बाजू पकड़कर कार में बैठाने की कोशिश करने लगा और कहा कि यदि कार में नहीं बैठी तो तेरे मम्मी-पापा को जान से मार दूंगा। शिकायत पत्र में युवती ने कहा कि वह बाजू छुड़वाकर भागी और रास्ते में उसे कोई नहीं मिला। जब वह घर पहुंची तो मेरे माता-पिता घर में नहीं थे। माता-पिता कहीं बाहर गए हुए थे। शनिवार सुबह माता-पिता को अपनी आपबीती सुनाई। उधर, डीएसपी जवाली ज्ञान चंद ठाकुर ने कहा कि एक युवती की शिकायत आई है, पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।