रेल पटरियां उतारते पलटी हाइड्रा गाड़ी, युवक की मौत
जवाली (कांगड़ा)। उपमंडल मुख्यालय जवाली के समीप भोल गांव में एक हाइड्रा गाड़ी रेल पटरियों उतारते समय पलट गई। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान राम चंद्र (23) निवासी रायकावाले ढाणी जिला हनुमानगढ़ राजस्थान के रूप में हुई है।
उसके सहयोगी रोहताश जिला हनुमानगढ़ राजस्थान ने कहा कि वे हाइड्रा गाड़ी को उतार रहे थे। उसी दौरान हाइड्रा गाड़ी पलट गई। इसकी चपेट में आने से राम चंद्र को गंभीर चोटें आई। उसके सहयोगी ने तुरंत एक प्राइवेट गाड़ी चालक को रोककर इस घटना के बारे में बताया। गंभीर घायल युवक को जवाली अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन अस्पताल पहुंचते ही घायल युवक ने दम तोड़ दिया। अस्पताल प्रबंधन ने हादसे की सूचना जवाली थाना को दी। जवाली पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची। उधर, डीएसपी जवाली ज्ञान सिंह ठाकुर ने कहा कि हादसा रेलवे की जमीन पर हुआ है, जिसके बारे में रेलवे पुलिस कांगड़ा को सूचना दे दी है।