अमर उजाला ब्यूरो
लंबागांव (कांगड़ा)। उपमंडल की हारसी पंचायत के काथला गांव में वीरवार रात चोरों ने दो घरों में ताले तोड़ कर करीब साठ हजार रुपये के गहने और नकदी पर हाथ साफ किया है। चोरी के समय दूसरे कमरे में घर के लोग भी मौजूद थे।
पुलिस को दी जानकारी में पीड़ित काथला निवासी तरलोक चंद ने बताया कि रात को खाना खाने के बाद वे सामने वाले कमरे में सो गए, जबकि उनकी भाभी निशा देवी इस कमरे में ताला लगाकर साथ वाले कमरे में सो गईं, जब वो सुबह उठीं तो कमरे का ताला खुला पाया। अंदर अलमारी का ताला भी टूट हुआ था। कमरे का सामान बाहर बिखरा पड़ा था। चोर अलमारी से करीब आधा किलो चांदी और कुछ सोने के गहने सहित 2000 रुपये की नकदी ले उड़े हैं। वहीं, दूसरी ओर ठीक पीछे सुखराम के घर का भी ताला तोड़ा है, लेकिन घर के अंदर कुछ भी नहीं मिला। सुखराम का परिवार बाहर रहता है। यह घर कई वर्षों से बंद पड़ा है। मौके पर पहुंची पुलिस ने घरवालों के बयानों के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। उधर, लंबागांव पुलिस थाना के एएसआई नंदलाल ने बताया कि पुलिस ने मामले की सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
---