शराब न देने पर बार
संचालकों से मारपीट
जसूर की बाला मार्केट के एक बार में युवकों ने किया हमला
चुनाव आयोग के निर्देशों का हवाला देकर किया था शराब देने से इनकार
कर्मचारियों की सोने की चेनें भी छीन कर ले जाने का आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
जसूर (कांगड़ा)। चुनाव आयोग की सख्ती उपमंडल नूरपुर के जसूर कस्बे की बाला मार्केट के बार संचालक को भारी पड़ गई। जानकारी के अनुसार शुक्रवार शाम लगभग छह बजे कुछ युवक जसूर में एक बार में शराब पीने की डिमांड करने लगे। इस पर बार संचालक ने उन्हें शराब देने से मना कर दिया। इस बात को लेकर युवक बार संचालक से उझल पड़े। उसके बाद रात साढ़े आठ बजे के बाद कुछ युवकों ने बार संचालक अमन पठानिया (35) और विक्रम पठानिया (39) पर हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।
बार के मालिक गोल्डी पठानिया ने कहा कि चुनाव आयोग के निर्देश के अनुसार शराब नहीं दी थी। इसके बाद युवकों ने बार में तैनात कर्मचारियों पर खुखरी, रॉड और हॉकी से हमला कर दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि हाथापाई में अमन और विक्रम की पांच और दो तोले की सोने की चेन छीनकर ले गए, जिसकी कीमत लगभग 1,15,000 रुपये है। उधर, डीएसपी नूरपुर साहिल अरोड़ा ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने कहा कि पुलिस ने धारा 147, 323, 506 के तहत मामला दर्ज कर लिया है। घायलों का मेडिकल करवाया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।