डेढ़ माह से नाबालिग को नहीं ढूंढ पाई पुलिस
परिजनों के गुहार लगाने पर भी नहीं हुई कार्रवाई
लड़की को पड़ोसी युवक पर भगाने का है आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
धर्मशाला (कांगड़ा)। डेढ़ माह पहले बैजनाथ पुलिस थाना में दर्ज नाबालिग के गुमशुदगी के मामले में पुलिस के हाथ अभी तक खाली हैं। 45 दिन का समय बीत जाने के बावजूद पुलिस अभी तक नाबालिग लड़की को नहीं ढूंढ पाई है। इस संदर्भ में पीड़ित परिजन दो बार जिला मुख्यालय में पुलिस अधिकारियों से भी मिल चुके हैं, लेकिन अभी तक कोई सार्थक कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। हैरानी इस बात की है कि लड़की के परिजनों ने एक युवक पर उनकी नाबालिग लड़की को भगाने का आरोप भी लगाया है, बावजूद इसके पुलिस ने कोई ठोस कार्रवाई नहीं की है। वहीं, बैजनाथ पुलिस के मामले को गंभीरता से न लेने के चलते शनिवार को परिजन दूसरी बार पुलिस प्रशासन के दरबार पहुंचे। धर्मशाला पहुंचे नाबालिग लड़की के परिजनों का आरोप है कि क्षेत्र का ही एक युवक उनकी बेटी को साथ ले गया है। परिजनों का कहना है कि युवक का पूरा परिवार मिला हुआ है तथा सभी के मोबाइल नंबर भी स्विच ऑफ आ रहे हैं। परिजनों का कहना है कि वे पहले भी एएसपी से मिलकर अपनी बेटी को ढूंढने की गुहार लगा चुके हैं, जिस पर एएसपी ने हालांकि बैजनाथ पुलिस को मामले को गंभीरता से लेने के निर्देश दिए थे लेकिन अभी तक उनकी बेटी का कोई सुराग नहीं लग पाया है। परिजनों ने बताया कि 14 दिसंबर को उनकी बेटी की गुमशुदगी की रिपोर्ट बैजनाथ थाना में दर्ज करवाई गई थी, लेकिन कोई कार्रवाई न होने के चलते उन्हें धर्मशाला में एएसपी से मिलकर न्याय की गुहार लगाने को मजबूर होना पड़ा है। इस संदर्भ में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार ने बताया कि पुलिस नाबालिग की तालाश में जुटी है। बैजनाथ पुलिस को नाबालिग लड़की को शीघ्र ढूंढने के निर्देश जारी किए हैं।