अमर उजाला ब्यूरो
फतेहपुर (कांगड़ा)।
फतेहपुर क्षेत्र के खटियाड़ -स्थाना मार्ग पर वीरवार शाम कार अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में कार सवार दो लोगों की मौत हो गई, जबकि दो अन्य लोग गंभीर रुप से घायल हो गए। चारों व्यक्ति कार में सवार होकर धमेटा से होते हुए वाया जगीर-तलवाड़ा संपर्क मार्ग से पंजाब की ओर जा रहे थे। डीएसपी वीर बहादुर सिंह ने बताया कि हादसे में किशन कुमार पुत्र माडु राम और दौलत राम पुत्र मेनगा राम निवासी नंगल विहालां तहसील मुकेरियां जिला होशियारपुर, पंजाब की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में घायल बलदेव सिंह पुत्र चन्न राम को तलवाड़ा अस्पताल और सावन सिंह पुत्र रुलियां राम को फतेहपुर अस्पताल में भर्ती करवाया गया है।
हादसे का पता चलते ही स्थानीय लोग तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए घटनास्थल पर पहुंचे और पूरी तरह चकनाचूर हो चुकी कार में फंसे दो घायलों को अस्पताल पहुंचाया। घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है। हादसे की जानकारी मिलने पर फतेहपुर पुलिस की टीम घटनास्थल पर पहुंची और हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि पंजाब के नंगल के निवासी चारों व्यक्ति कार में सवार होकर धमेटा से वाया जगीर- तलवाड़ा संपर्क मार्ग से पंजाब की ओर जा रहे थे। खटियाड़-स्थाना मार्ग पर हनुमान मंदिर के पास कार अचानक अनियंत्रित होकर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई जबकि दो अन्य घायल हो गए। घायलों को लोगों ने फतेहपुर अस्पताल में भर्ती करवाया। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।