पत्थर से पीट-पीटकर मार डाला ट्रैक्टर चालक
परागपुर के डांगड़ा गांव की घटना, शराब पीने के बाद दिया वारदात को अंजाम
प्रत्यक्षदर्शी के बयान पर दो गिरफ्तार, शराब पीते वक्त हो गई थी तीनों में बहस
अमर उजाला ब्यूरो
परागपुर (कांगड़ा)।
परागपुर के समीप डांगड़ा गांव में एक ट्रैक्टर चालक की पत्थर से पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। प्रत्यक्षदर्शी के बयानों के आधार पर पुलिस ने दो लोगों को हत्या के आरोप में गिरफ्तार किया है। इन्हें वीरवार को कोर्ट में पेश किया जाएगा।
पुलिस के अनुसार हार निवासी प्रेमनाथ (52) ट्रैक्टर चालक था। मंगलवार रात को उसने दोलाराम निवासी लगबधना, अरुण मेहरा निवासी परागपुर और एक अन्य व्यक्ति अजय कुमार के साथ नक्की खड्ड में शराब पी। इस दौरान शराब के नशे में दोलाराम और अरुण मेहरा की प्रेमनाथ से किसी बात को लेकर बहस हो गई। बहस के दौरान आरोपियों ने प्रेमनाथ पर पत्थरों से प्रहार किए, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शी अजय कुमार निवासी लगबल्याणा ने मृृतक के भाई को इसकी सूचना दी। मृतक के भाई ने पुलिस को सूचित किया। एसएचओ देहरा कुलदीप सिंह ठाकुर की अगुवाई में पुलिस टीम मौके पर पहुंची और प्रत्यक्षदर्शी अजय कुमार के बयान कलमबद्ध किए। उसके बयानों के आधार पर हत्या के दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। धर्मशाला से फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम ने भी घटनास्थल का दौरा किया और कई साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए टांडा अस्पताल भेज दिया है। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर छानबीन कर रही है।
--
कोट
प्रत्यक्षदर्शी अजय कुमार के बयानों के आधार पर हत्यारोपी दोलाराम और अरुण मेहरा को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने धारा 302 के तहत मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
- योगेश दत्त शर्मा, डीएसपी, ज्वालामुखी