ज्वालामुखी (कांगड़ा)। श्री ज्वालामुखी मंदिर प्रशासन ने आधार कार्ड से लिंक बायोमीट्रिक मशीन से कर्मचारियों की हाजिरी लगाने की योजना तैयार की है। योजना को डीसी कांगड़ा सीपी वर्मा की स्वीकृति मिल चुकी है।
श्रावण अष्टमी मेलों से पहले मंदिर न्यास इस योजना को पूरा करने में जुट गया है। योजना का मकसद कर्मचारियों में अनुशासन बरकरार रखना है। योजना को जल्द पूरा करने का जिम्मा मंदिर के कनिष्ठ अभियंता सुरेश कुमार को सौंपा गया है। इसके लिए मशीनों की डिमांड दे दी गई है। मंदिर में बायोमीट्रिक हाजिरी के साथ ही मंदिर के अन्य संस्थान मातृ सदन, संस्कृत महाविद्यालय में भी श्रावण अष्टमी मेलों से पहले बायोमीट्रिक मशीनें लग जाएंगी। मौजूदा समय में ज्वालामुखी मंदिर में सुपरिंटेंडेंट, लिपिक, वरिष्ठ लिपिक, सफाई सेवादार और अन्य करीब 80 कर्मचारी हैं, जिन्हें नए सिस्टम में बायोमीट्रिक सिस्टम से हाजिरी लगानी पडे़गी। सहायक मंदिर आयुक्त एवं एसडीएम ज्वालामुखी राकेश शर्मा का कहना है कि जिलाधीश कांगड़ा के निर्देशों को जल्द पूरा करने के मंदिर प्रशासन को निर्देश दिए हैं। ज्वालामुखी मंदिर अधिकारी डॉ. अशोक पठानिया का कहना है कि ज्वालामुखी मंदिर में बायोमीट्रिक मशीन से हाजिरी की जल्द शुरुआत की जाएगी, इसकी उच्चाधिकारियों से स्वीकृति मिल चुकी है।