खैरा (कांगड़ा)। पालमपुर उपमंडल के वाहे दा पट्ट में पीपल का पेड़ गिरने से दो दुकानों को नुकसान हुआ है। दोपहर करीब तीन बजे वाहे दा पट्ट बाजार में एक बड़े पीपल की शाखा अचानक दुकानों के ऊपर गिर गई। हालांकि इससे जान माल का कोई नुकसान नहीं हुआ है। पेड़ गिरने से सुजानपुर-पालमपुर सड़क पर आधे घंटे तक यातायात अवरुद्ध रहा। विद्युत आपूर्ति भी तीन घंटे बाद बहाल हो पाई। पेड़ के गिरने से प्रदीप कुमार सुपुत्र जगदीश और कंचना पत्नी स्वर्गीय राम प्रसाद की दुकानों को नुकसान हुआ। गनीमत यह रही कि हर वक्त ट्रैफिक से भरी इस सड़क पर उस समय कोई वाहन चपेट में नहीं आया। हालांकि हादसे के समय दुकानदार प्रदीप कुमार दुकान में ही था। मौके पर पहुंचे ब्लॉक समिति सदस्य मंगल व्यास ने चौकीदार रानू राम, आरपी शर्मा, स्थानीय लोगों और वाहन चालकों की मदद से सड़क मार्ग को खुलवाया। मंगल व्यास ने प्रशासन से दोनों प्रभावित दुकान मालिकों को आर्थिक मदद की मांग की है। साथ ही स्थानीय लोगों ने भी बीच बाजार में खड़े इस जर्जर पेड़ को हटाने की वन विभाग से मांग की है। उधर, हल्का पटवारी संजीव कुमार ने भी मौके पर आकर नुकसान का जायजा लिया।