धर्मशाला। सड़क सुरक्षा के तहत शराब पीकर वाहन चलाने वाले वालों पर कांगड़ा पुलिस ने शिकंजा कसा है। शराबी चालकों पर कार्रवाई करते हुए मात्र एक सप्ताह में ही 239 शराबी वाहन चालकों के लाइसेंस पुलिस ने कब्जे में लेकर संबंधित कोर्ट को इन्हें निरस्त करने के लिए भेजा है। इसके अलावा इस वर्ष 30 सितंबर तक 1083 नशा करके वाहन चलाने वाले चालकों के चालान काटे हैं।
जानकारी के अनुसार जिले में आए दिन हो रही यातायात दुर्घटनाओं से निजात दिलाने के लिए कांगड़ा पुलिस ने अभियान छेड़ा है। इसी के तहत पुलिस ने शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर सख्ती से कार्रवाई की है। नशा करके वाहन चलाने वाले चालकों को चिन्हित कर उनके ऊपर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कांगड़ा संतोष पटियाल ने बताया कि पुलिस ने नशा करके वाहन चलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने के लिए अभियान चलाया है। इसी का नतीजा है कि शराब पीकर गाड़ी चलाने पर 1083 चालान हुए हैं। वहीं 239 ड्राइविंग लाइसेंसों को कब्जे में लेकर संबंधित विभाग को निरस्त करने के लिए भेजे हैं। उन्होंने बताया कि पुलिस का यह अभियान आगे भी जारी रहेगा।