अमर उजाला ब्यूरो
इंदौरा/ डमटाल (कांगड़ा)। इंदौरा उपमंडल के पटवार सर्कल काठगढ़ में कार्यरत महिला पटवारी के साथ डयूटी के दौरान मारपीट का मामला सामने आया है। जानकारी के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब चार बजे जब महिला पटवारी शालिनी चौधरी (27) अपने दफ्तर में कार्य कर रही थी। तो उनके दफ्तर में बाईं निवासी मनमोहन सिंह उर्फ बिल्लू आया, जो नशे में धुत्त था। वह अपनी जमीन का नकल पर्चा मांगने लगा। इस पर महिला पटवारी ने कहा कि अब सभी कागज ऑनलाइन तहसील ऑफिस से मिलते हैं। इस पर मनमोहन सिंह गुस्से में आ गया और महिला पटवारी को दफ्तर में ही पीट डाला। इसकी सूचना तुरंत तहसीलदार इंदौरा ज्ञान सिंह भारद्वाज को दी, जिन्होंने पुलिस को सूचित किया। व्यक्ति महिला पटवारी को पीटकर मौके से फरार हो गया। पुलिस पीड़िता का मेडिकल करवा कर आगे की तफ्तीश में जुट गई है। उधर, तहसीलदार इंदौरा ज्ञान सिंह भारद्वाज ने बताया कि इस तरह की घटना अशोभनीय है। ऐसा कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपियों पर कड़ी करवाई की जाएगी। इधर, इंदौरा थाना के प्रभारी संदीप पठानिया ने आरोपी ने नशे में धुत होकर ड्यूटी पर तैनात महिला कर्मचारी से उसके कार्यालय में मारपीट कर घायल कर दिया है। आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है और उसकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीम को रवाना कर दिया गया है।