शाहपुर (कांगड़ा)। पुलिस थाना शाहपुर के तहत देर सायं डोहब में पंजाब नंबर का एक अज्ञात वाहन चालक तीन लोगों को कुचलकर भाग गया। हादसे में बाप-बेटा और एक अन्य व्यक्ति घायल हुए हैं।
घायलों को स्थानीय लोगों के सहयोग से तुरंत शाहपुर अस्पताल लाया गया, जहां बाप-बेटे की गंभीर हालत को देखते हुए टांडा रेफर कर दिया गया है, जबकि एक अन्य घायल को प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया है। जानकारी के अनुसार देर सायं सुमेर नाथ (70) अपनी दुकान के बाहर अपने बेटे निखिल (19) और संदीप (26) निवासी डोहब तहसील शाहपुर दुकान के बाहर खड़ा था। इस दौरान तेज रफ्तार से आ रही पंजाब नंबर की गाड़ी का चालक उन्हें टक्कर मारकर मौके से फरार हो गया। उधर, पुलिस थाना शाहपुर के प्रभारी हेमराज शर्मा ने बताया कि पुलिस मामले में जांच कर रही है।