फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

मतगणना : सबसे पहले खुलेंगे डाक मतपत्र, 167 टेबल तैयार

Tue, 04 Jun 2024 02:54 AM IST
शिमला ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, कांगड़ा
विज्ञापन
विज्ञापन
धर्मशाला। कांगड़ा जिले में लोकसभा चुनाव और धर्मशाला विधानसभा उपचुनाव की मतगणना को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। जिला निर्वाचन अधिकारी (उपायुक्त) हेमराज बैरवा ने कहा कि मंगलवार को सुबह आठ बजे सबसे पहले डाक मतपत्र गिनने की शुरुआत होगी। इस प्रक्रिया के आरंभ होने के आधे घंटे बाद ईवीएम के वोटों की गिनती शुरू की जाएगी। जिला कांगड़ा में नूरपुर, ज्वालामुखी, धर्मशाला और पालमपुर में लोकसभा चुनाव के मताें की गिनती की जाएगी। इन स्थानों पर कुल 167 टेबलों पर वोटों की गिनती होगी। मतगणना के लिए प्रशासन द्वारा सारी व्यवस्थाएं कर दी गई हैं।
विज्ञापन

पूरी सुरक्षा व्यवस्था के साथ सुबह 8 बजे मतगणना प्रक्रिया को प्रारंभ कर दिया जाएगा। डीसी हेमराज बैरवा ने बताया कि नूरपुर विधानसभा क्षेत्र की मतगणना बचत भवन नूरपुर में, इंदौरा, फतेहपुर और जवाली की काउंटिंग राजकीय कॉलेज नूरपुर में होगी। ज्वालामुखी की गिनती राजकीय कॉलेज ज्वालामुखी में की जाएगी। राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला में नगरोटा, कांगड़ा, शाहपुर और धर्मशाला की मतगणना होगी। वहीं, जयसिंहपुर, सुलह, पालमपुर और बैजनाथ के वोटों की गिनती राजकीय महाविद्यालय पालमपुर में की जाएगी। बता दें कि जिला कांगड़ा के देहरा और जसवां परागपुर विधानसभा क्षेत्र हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में आते हैं, लेकिन इनकी गिनती भी राजकीय महाविद्यालय ज्वालामुखी में ही होगी।
कहां, कितने टेबल लगाए
विधानसभा वार वोटों की गिनती के लिए 9 से 15 टेबल लगाए गए हैं। नूरपुर, शाहपुर और धर्मशाला के वोटों की गिनती के लिए सहायक निर्वाचन अधिकारी के टेबल सहित 15-15 टेबल लगाए गए हैं। वहीं इंदौरा, फतेहपुर, जवाली, देहरा, जसवां परागपुर, ज्वालामुखी और सुलह के वोटों की गिनती के लिए 11-11 टेबल लगाए गए हैं। इसके अलावा जयसिंहपुर, नगरोटा, कांगड़ा, पालमपुर और बैजनाथ के वोटों की गणना के लिए नौ-नौ टेबल स्थापित किए गए हैं।
विज्ञापन


कर्मचारियों को दिया गया प्रशिक्षण
हेमराज बैरवा ने बताया कि कांगड़ा जिले के समस्त मतगणना केंद्रों में काउंटिंग प्रक्रिया के लिए तैनात मतगणना सुपरवाइजर, मतगणना सहायक तथा माइक्रो ऑब्जर्वर की रेंडमाइजेशन की जा चुकी है। मतगणना के लिए उपयुक्त अधिकारियों और कर्मचारियों को लगाया गया है तथा मतगणना कार्य को लेकर उन्हें पूर्वाभ्यास कराकर पूर्ण प्रशिक्षण दिया गया है।

बरती जाएगी पूरी सतर्कता
उपायुक्त ने कहा कि मतगणना कार्य में लगे सभी अधिकारी-कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पूरी सतर्कता से मतगणना करवाने के निर्देश दिए गए हैं। 4 जून को सुबह कड़ी सुरक्षा निगरानी में ईवीएम मशीनें स्ट्रांग रूम से निकालकर बूथ वाइज मतगणना अधिकारियों के टेबल पर पहुंचाई जाएंगी।
ऐसी होगी प्रक्रिया
मतगणना अधिकारी ईवीएम को एजेंटों की उपस्थिति में सबसे पहले कंट्रोल यूनिट सील को चौक कराएंगे। बाद में रिजल्ट का बटन दबाकर उम्मीदवार के नाम सहित मशीन में दर्शाए जाने वाले मतों का रिजल्ट दिखाएंगे।

अनाधिकृत लोगों का प्रवेश वर्जित
जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतगणना स्थल पर अनाधिकृत लोगों का प्रवेश पूर्णत वर्जित होगा। ड्यूटी पर तैनात सभी कर्मियों को पास जारी किए गए हैं। मतगणना स्थल पर केवल अधिकृत पास धारी व्यक्ति ही प्रवेश पा सकेेंगे। इसके अलावा मतगणना वाले दिन मतगणना हॉल में मोबाइल फोन ले जाने पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा। कोई भी अधिकारी, कर्मचारी, पार्टी के उम्मीदवार, एजेंट आदि मतगणना हॉल में अपने साथ मोबाइल और अन्य अनाधिकृत इलेक्ट्रॉनिक उपकरण साथ नहीं ले जा सकेंगे।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें