धर्मशाला। शहर में लंबे समय से बंद पड़े और खस्ताहाल सार्वजनिक शौचालयों को नगर निगम अब दोबारा शुरू करने की तैयारी में है। लोगों और पर्यटकों की परेशानी को देखते हुए निगम ने इन शौचालयों के नियमित संचालन, सफाई और देखरेख के लिए कर्मचारी तैनात करने का निर्णय लिया है। इसके तहत बंद पड़े शौचालयों की मरम्मत कर उन्हें चरणबद्ध तरीके से खोला जाएगा।
योजना के तहत निगम की टीम ने शहर के विभिन्न हिस्सों में बंद और बदहाल शौचालयों का मुआयना किया है। मौके पर स्थिति परखने के साथ ही आवश्यक मरम्मत और सामान का पूरा ब्यौरा तैयार कर लिया गया है। शौचालयों में जरूरी सुविधाएं बहाल करने के बाद कर्मचारियों की जिम्मेदारी तय की जाएगी।
निगम के अनुसार, कर्मचारी तैनात होने से सफाई व्यवस्था और रखरखाव बेहतर रहेगा। शौचालयों के इस्तेमाल पर लोगों से सामान्य शुल्क लिया जाएगा, जिससे इनके संचालन और रख-रखाव का खर्च निकाला जा सके। व्यस्त बाजारों और सार्वजनिक स्थलों पर शौचालय बंद रहने से स्थानीय कारोबारियों, आम जनता और पर्यटकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था।
गौरतलब है कि अमर उजाला ने संवाद न्यूज एजेंसी की खबर के माध्यम से 5 सितंबर के अंक में इस समस्या को प्रमुखता से उजागर किया था। खबर पर संज्ञान लेते हुए निगम प्रशासन ने अब बंद पड़े शौचालयों को बहाल करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
नगर निगम धर्मशाला की ओर से बंद पड़े व खस्ताहाल सार्वजनिक शौचालयों की दशा सुधार इन्हें दोबारा शुरू करवाया जाएगा। निगम की योजना है कि यहां कर्मचारी बिठाया जाएगा, जो सुविधा के बदले शुल्क लेगा व शौचालयों की देखरेख और इसका संचालन करेगा। -चंद्रवीर सिंह, संयुक्त आयुक्त, नगर निगम धर्मशाला