धर्मशाला। जिला कांगड़ा में रोजाना पॉजिटिव आ रहे स्वास्थ्य कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग की चिंता बढ़ा दी है। अगर इसी तरह स्वास्थ्य कर्मी कोरोना संक्रमित होने के बाद आइसोलेट होते रहे तो अस्पतालों में मरीजों का परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है। वीरवार को भी जिला कांगड़ा में 22 स्वास्थ्य कर्मियों समेत कोरोना संक्रमण के 371 मामले सामने आए हैं। 416 मरीजों ने वायरस को मात भी दी है। वहीं तीन मरीजों की मौत हो गई। इनमें जिला चंबा के 50 वर्षीय व्यक्ति की टांडा अस्पताल, धर्मशाला के डिपो बाजार के 88 वर्षीय बुजुर्ग की टांडा अस्पताल और धर्मशाला के भागसूनाग के 61 वर्षीय व्यक्ति की टांडा अस्पताल में मौत हो गई है।
सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने बताया कि मथुरा के छह पर्यटक, परागपुर के छह लोग, टांडा अस्पताल में 17 स्वास्थ्य कर्मी, नगरोटा बगवां के पांच लोग, मैक्लोडगंज के 14 से अधिक लोग, सीएचसी धीरा के पांच स्वास्थ्य कर्मी, पीटीसी डरोह के तीन जवान, एसबीआई सिद्धवाड़ी के दो कर्मी, बीड़ के चार लोग, आयुर्वेदिक अस्पताल के दो लोग, बासा गांव के चार लोग, लंज के पांच लोग, लंबागांव के छह, विजिलेंस ऑफिस धर्मशाला के पांच कर्मी, पुलिस लाइन सकोह का एक जवान, पुलिस थाना फतेहपुर का एक जवान, एसएसबी सपड़ी का एक जवान व बीएसएफ के दो जवान कोरोना पॉजिटिव आए हैं। इसके अलावा भी जिला कांगड़ा में कई लोगों की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है।
उन्होंने बताया कि जिले में अब तक 57378 मरीज सामने आ चुके हैं, जिनमें से 53787 मरीज स्वस्थ हो चुके हैं। वर्तमान में जिला में एक्टिव केस 2396 हैं, वहीं 1190 मरीजों की मौत हो चुकी है। उन्होंने लोगों से कोरोना लक्षण होने पर तुंरत जांच करवाने की अपील की है।