धर्मशाला। जिला कांगड़ा में कोरोना ने फिर से रफ्तार पकड़ ली है। उपमंडल धर्मशाला के सिद्धपुर स्थित ग्यातो मठ में सोमवार को 98 बौद्ध भिक्षुओं समेत जिले में 108 लोग कोरोना पॉजिटिव पाए गए हैं।
सिद्धपुर स्थित ग्यातो मठ में अब तक 158 बौद्ध भिक्षु संक्रमण की चपेट में आ चुके हैं, जिन्हें प्रोटोकॉल के हिसाब से आइसोलेट किया गया है। सीएमओ डॉ. गुरदर्शन गुप्ता ने मामले की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि सोमवार को शाहपुर के सरनु गांव का बुजुर्ग, धर्मशाला के सिद्धपुर की महिला व छोटा बच्चा, द्रमण का व्यक्ति, जोगिंद्रनगर के चौंतड़ा का युवक, नगरोटा सूरियां का युवक, फतेहपुर की महिला, नगरोटा बगवां की दो युवतियों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव पाई गई है।
वहीं पांच लोगों ने कोरोना महामारी को मात भी दी है। अब तक जिला कांगड़ा में कोरोना संक्रमण के कुल 8565 मामले आ चुके हैं, जिसमें से 8137 लोगों ने कोरोना संक्रमण को मात दे दी है। वहीं 219 लोगों का उपचार चल रहा है और 207 की मौत हो चुकी है।