धर्मशाला/नगरी/पंचरुखी ( कांगड़ा)। कोरोना के खौफ के चलते डीसी दफ्तर कांगड़ा 20 मार्च से सिर्फ इमरजेंसी सेवाओं के लिए ही खुला रहेगा। डीसी दफ्तर में अब सामान्य काम नहीं होंगे। उपायुक्त राकेश प्रजापति ने कहा कि कोरोना वायरस से बचाव के लिए एहतियात के तौर पर यह निर्णय लिया गया है। सरकार का मुख्य उद्देश्य इस महामारी से लोगों को बचाना है। इसलिए, कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए जा रहे हैं। लोग डरें नहीं, सिर्फ जागरूक रहें और एहतियात बरतें। इसके साथ ही जिला कांगड़ा में विदेशी और घरेलू पर्यटकों की एंट्री पर रोक लगा दी गई है।
चिड़ियाघर गोपालपुर के गेट पर भी ताले लगा दिए गए हैं। चिड़ियाघर के रेंज अफसर हेमराज ने कहा कि सुरक्षा की दृष्टि के मद्देनजर वीरवार को गोपालपुर जू को बंद कर दिया गया है। अगले निर्देश आने तक इस पर्यटन स्थल को बंद रखा जाएगा। उधर, एहतियातन तौर पर सोभा सिंह आर्ट गैलरी अंद्रेटा को भी 31 मार्च तक बंद कर दिया गया है। सरदार सोभा सिंह आर्ट गैलरी प्रबंधन समिति ने यह फैसला लिया है। इस दौरान कोई पर्यटक व अन्य लोग इसका दौरा नहीं कर सकेंगे। यह जानकारी सरदार सोभा सिंह आर्ट गैलरी की प्रोपराइटर डायरेक्टर गुरणजीत कौर ने दी।