नूरपुर में अंराराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस पर अधिकारियों व कर्मचारियों को शपथ दिलाते हुए एसडीएम। स
नूरपुर(कांगड़ा)। अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस के अवसर पर बुधवार को स्थानीय संयुक्त कार्यालय भवन में एसडीएम गुरसिमर सिंह ने अधिकारियों और कर्मचारियों को नशामुक्त भारत अभियान के तहत नशामुक्त समाज बनाने की शपथ दिलाई। इस मौके पर एसडीएम गुरसिमर सिंह ने कहा कि समाज से नशे की बुराई को जड़ से खत्म करने के साथ युवा पीढ़ी की ऊर्जा का सही दोहन करने और नशा मुक्त समाज बनाने के लिए सभी वर्गों का रचनात्मक सहयोग जरूरी है। इस बार अंतरराष्ट्रीय नशा निषेध दिवस ‘साक्ष्य स्पष्ट है: रोकथाम में निवेश करें’ थीम के साथ मनाया गया है। एसडीएम ने कहा कि नशा वर्तमान में काफी गंभीर सामाजिक बुराई का रूप धारण कर चुका है और हमारा प्रदेश भी इससे अछूता नहीं रहा है। खासकर युवा पीढ़ी में नशे का बढ़ता प्रचलन गंभीर चिंतनीय विषय है।
उन्होंने युवाओं का आह्वान किया कि वह सकारात्मक ऊर्जा के साथ आगे बढ़े और नशे की इस बीमारी को समाज से मिटाने में अपना सक्रिय सहयोग दें। इसके अतिरिक्त, जिला रेडक्रॉस सोसायटी द्वारा नूरपुर में संचालित नशा निवारण एवं पुनर्वास केंद्र में भर्ती लोगों को नशा मुक्ति के बारे में शपथ दिलाई गई और नशे के दुष्प्रभावों बारे जानकारी दी गई। जोनल अस्पताल धर्मशाला से मनोचिकित्सक डॉ. अनिता ठाकुर ने नशे से ग्रस्त मरीजों का रूटीन हेल्थ चेकअप किया और उन्हें नशे के दुष्परिणाम और इससे बचाव का संदेश दिया। तहसील कल्याण अधिकारी अनुराधा नाथ ने भी नशे के दुष्प्रभावों बारे अपने विचार साझा किए। इस अवसर पर केंद्र में भर्ती लोगों ने लघु नाटक के माध्यम से नशा मुक्ति का संदेश भी दिया।