होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला की बैठक में उपस्थित पदाधिकारी। -स्रोत : एसोसिएशन
मैक्लोडगंज। होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन धर्मशाला की बैठक शनिवार को धर्मशाला में अध्यक्ष अश्वनी बांबा की अध्यक्षता में हुई। इसमें शहर के पर्यटन स्थलों के प्रचार-प्रसार पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में होटल कारोबारियों ने प्रशासन से धर्मशाला शहर के आसपास बन रहे संपर्क मार्गों का कार्य टूरिस्ट सीजन से पहले पूरा करने का आग्रह किया, ताकि सीजन के दौरान पर्यटकों को ट्रैफिक जाम की समस्या से न जूझना पड़े। इसके साथ ही बैठक में धर्मशाला में होने वाले आईपीएल मैचों को लेकर भी एसोसिएशन ने चर्चा की।
एसोसिएशन का कहना है कि डल झील कार्य उनकी ओर से पूर्ण सहयोग श्रमदान में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि 19 मार्च को होटल एसोसिएशन की पूर्ण बैठक बुलाई गई है। क्षेत्र में कई गाइड पर्यटकों को भ्रमित कर रहे हैं, जिन्हें हटाने के लिए एसएसपी जिला कांगड़ा से संपर्क करने का निर्णय लिया गया। बैठक में दिनेश कपूर, दीपक जोड़ा, पुरुषोत्तम नेहरिया, ओंकार सिंह, शमशेर नेहरिया, विकास, आकाश, दीपक, अरुण एवं अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।