धर्मशाला में पत्रकार वार्ता करते भाजपा प्रवक्ता संजय शर्मा और अन्य। -अमर उजाला
धर्मशाला। भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता संजय शर्मा ने कहा कि कांग्रेस की सरकार चुनाव से पूर्व जनता से किए वादों को पूरा करने के बजाय उन्हें महंगे दामों पर बिजली मुहैया करवा रही है। आर्थिक तंगी का बहाना बनाकर सरकार अपनी गारंटियों से मुंह फेर रही है। कांग्रेस ने 300 यूनिट फ्री बिजली की वादा किया था, मगर अब जनता पर बिजली बिल का और बोझ बढ़ा दिया है।
धर्मशाला में पत्रकारवार्ता के दौरान उन्होंने कहा कि महंगी बिजली के कारण हिमाचल प्रदेश के औद्योगिक क्षेत्रों से कई उद्योग अब दूसरे राज्यों की ओर पलायन करने लगे हैं। उद्योगों के इस पलायन से प्रदेश में रोजगार के अवसर कम हो रहे हैं और नए निवेश पर भी बेहद बुरा असर पड़ रहा है।
भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि स्मार्ट मीटर को लेकर बिजली बोर्ड और प्रदेश सरकार उपभोक्ताओं के मन में बैठी शंकाओं व आशंकाओं को दूर करने में विफल रही है। इसके चलते आम जनता में भारी असमंजस और डर का माहौल बना हुआ है। पूर्व भाजपा सरकार के समय महिलाओं को सरकारी बसों के किराए में जो 50 प्रतिशत की सब्सिडी दी जा रही थी, उसे भी वर्तमान सरकार ने बंद कर दिया है।
भाजपा नेताओं ने दोटूक शब्दों में कहा कि प्रदेश सरकार की नीतियां पूरी तरह जनविरोधी हैं और अब जनता सरकार से पाई-पाई का जवाब मांग रही है। इस अवसर पर उनके साथ भाजपा नेता राकेश शर्मा, सचिन शर्मा और विश्वचक्षु भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।