धर्मशाला। प्रदेश सरकार के मंत्री अनिरुद्ध सिंह पर एनएचएआई के दो अधिकारियों से मारपीट करने के आरोपों पर भाजपा की राष्ट्रीय परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य त्रिलोक कपूर ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। बुधवार को जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि कांग्रेस सरकार अब बौखलाहट में खुलेआम कानून को ताक पर रखकर गुंडागर्दी पर उतर आई है।
त्रिलोक कपूर ने कहा कि कांग्रेस पार्टी अब भ्रष्टाचार, अपराध और अराजकता की पहचान बन चुकी है। उन्होंने मांग की कि इस मामले में मंत्री सहित सभी दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए। कानून सबके लिए बराबर है और जो लोग सत्ता में रहकर उसे तोड़ते हैं, उन्हें कतई बख्शा नहीं जाना चाहिए।
उन्होंने कहा कि इस शर्मनाक घटना में मंत्री और उनके सहयोगियों ने सरेआम कानून की धज्जियां उड़ाईं। ऐसे में मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को चाहिए कि वे अनिरुद्ध सिंह को तत्काल मंत्री पद से बर्खास्त करें, क्योंकि जिस जनमत के बल पर वे मंत्री बने अनिरुद्ध को पद पर बने रहने का हक नहीं है।