खैरियां में आयोजित कार्यक्रम में महिला को सम्मानित करते हुए विधायक कमलेश ठाकुर। जागरूक पाठक
हरिपुर (कांगड़ा)। देहरा की विधायक कमलेश ठाकुर ने ग्राम पंचायत खैरियां में 1.14 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले बहुद्देश्यीय पंचायत सामुदायिक केंद्र की आधारशिला रखी। उन्होंने कहा कि नए भवन के बनने से ग्रामीणों को पंचायत स्तर की सभी प्रशासनिक सुविधाएं एक ही छत के नीचे मिलेंगी और ग्रामीण अधोसंरचना मजबूत होगी।
उन्होंने अधिकारियों को गुणवत्ता के साथ निर्माण कार्य समय पर पूरा करने के निर्देश दिए। प्रस्तावित दो मंजिला भवन के भूतल पर पंचायत कार्यालय, प्रधान व सचिव कक्ष, बैठक हॉल, मनरेगा शाखा, सीएससी और पैंट्री बनेगी।
वहीं प्रथम तल पर ग्राम सभा हॉल और आधुनिक पुस्तकालय की सुविधा मिलेगी। समारोह में विधायक ने वरिष्ठ नागरिक शेर सिंह चम्वयाल और विद्या देवी चम्वयाल को सम्मानित किया। इस मौके पर बीडीओ भानू प्रताप सिंह, पंचायत प्रधान रेखा देवी, उपप्रधान गणेश बग्गा सहित विभिन्न पंचायतों के प्रतिनिधि और ग्रामीण मौजूद रहे।