हलेड़ में हादसे के बाद बस के टायर में फंसी बाइक, सभी स्कूली बच्चे सुरक्षित
विज्ञापन
जालग (कांगड़ा)। जयसिंहपुर के हलेड़ में बुधवार सुबह करीब साढ़े आठ बजे निजी स्कूल बस और बाइक के बीच टक्कर हो गई। हादसे में बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि बस में सवार सभी बच्चे सुरक्षित हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, स्कूल बस हलेड़ से जयसिंहपुर की ओर आ रही थी, जबकि बाइक जयसिंहपुर से हलेड़ की तरफ जा रही थी। इसी दौरान दोनों वाहनों की टक्कर हो गई। टक्कर के बाद बाइक बस के नीचे आकर टायर में फंस गई।
हादसे में घायल बाइक चालक को सिविल अस्पताल जयसिंहपुर पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उसे डॉ. राजेंद्र प्रसाद राजकीय मेडिकल कॉलेज टांडा रेफर कर दिया गया। डीएसपी पालमपुर सुनील राणा ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संवाद