फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बड़ा भंगाल दौरे पर सीएम सुक्खू: सड़क के लिए 10 करोड़, ST दर्जे का भरोसा; महिलाओं को 1500 रुपये; जानें सभी एलान

Sun, 28 Jun 2026 12:55 PM IST
Ankesh Dogra संवाद न्यूज एजेंसी, बैजनाथ (कांगड़ा)।

सार

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कांगड़ा के दुर्गम बड़ा भंगाल क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये मंजूर किए, बिजली, शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं को मजबूत करने की घोषणाएं कीं। साथ ही बड़ा भंगाल को प्राकृतिक पंचायत का दर्जा दिलाने, एसटी श्रेणी के लिए प्रयास करने और स्थानीय राजमाह की ब्रांडिंग कराने का भरोसा दिया।
विज्ञापन
बड़ा भंगाल दौरे के दौरान मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने किए बड़े एलान। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने रविवार को कांगड़ा जिले के दुर्गम बड़ा भंगाल क्षेत्र का दौरा कर आपदा प्रभावित इलाकों का निरीक्षण किया। उन्होंने स्थानीय लोगों से संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और राहत एवं विकास से जुड़े कई अहम फैसलों की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल तक सड़क निर्माण के लिए 10 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की।
विज्ञापन


आपदा प्रभावित क्षेत्रों का लिया जायजा : मुख्यमंत्री ने हेलिपैड के आसपास बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया और अधिकारियों से राहत एवं पुनर्वास कार्यों की जानकारी ली। उन्होंने प्रभावित लोगों को हरसंभव सहायता का भरोसा देते हुए राहत कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

सड़क निर्माण में तेजी लाने के निर्देश : मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि सड़क निर्माण के लिए प्रत्येक किलोमीटर की अलग-अलग निविदाएं जारी की जाएं, ताकि कार्य में तेजी लाई जा सके। उन्होंने निर्माण मशीनरी को हवाई मार्ग से पहुंचाने की संभावनाओं पर भी चर्चा की और इसके लिए 10 करोड़ रुपये जारी करने की घोषणा की।


 

बिजली व्यवस्था को लेकर बड़े फैसले: ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने अपर और लोअर बड़ा भंगाल में एक-एक डीजल जनरेटर उपलब्ध कराने की घोषणा की। साथ ही सभी घरों में बिजली कनेक्शन और वायरिंग का सर्वे कराने तथा सौर ऊर्जा परियोजनाओं की संभावनाएं तलाशने के निर्देश दिए।
 

शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाओं पर विशेष जोर: मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के लिए विशेष प्रोत्साहन योजना, छात्रावास निर्माण और सीबीएसई स्कूलों में प्रवेश की व्यवस्था करने की बात कही। उन्होंने शैक्षणिक सत्र के दौरान विद्यार्थियों के लिए हेली-टैक्सी सुविधा उपलब्ध कराने का भी आश्वासन दिया। स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए स्थानीय लोगों को प्राथमिक उपचार का प्रशिक्षण देने की योजना भी घोषित की।

राजमाह की होगी ब्रांडिंग, पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा: मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल के प्रसिद्ध राजमाह को अलग पहचान दिलाने और बेहतर बाजार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने अखरोट और चेस्टनट की खेती को बढ़ावा देने, स्थानीय मीट उत्पादों को बेहतर बाजार दिलाने तथा पर्यटन गतिविधियों के विस्तार पर भी जोर दिया।

मोबाइल नेटवर्क और अन्य सुविधाओं का आश्वासन: ग्रामीणों की मांग पर मुख्यमंत्री ने निजी दूरसंचार कंपनियों से बातचीत कर जल्द मोबाइल नेटवर्क सुविधा उपलब्ध कराने का भरोसा दिया। उन्होंने पर्यटन विकास के लिए उपयुक्त वन भूमि चिन्हित करने के निर्देश भी दिए।

'राजनीति करने नहीं, दुख-दर्द बांटने आया हूं': जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि यदि राजनीति करनी होती तो वे अधिक आबादी वाले क्षेत्रों में जाते। उनका उद्देश्य प्रदेश के अंतिम छोर पर रहने वाले लोगों की समस्याओं को समझना और उनका समाधान करना है। उन्होंने कहा कि योजनाएं केवल कार्यालयों में बैठकर नहीं बनतीं, बल्कि लोगों के बीच जाकर उनकी जरूरतों को समझना जरूरी है।

प्राकृतिक पंचायत और एसटी दर्जे का भरोसा: मुख्यमंत्री ने बड़ा भंगाल को प्राकृतिक पंचायत का दर्जा देने और क्षेत्र को अनुसूचित जनजाति (एसटी) में शामिल कराने के लिए केंद्र सरकार के समक्ष प्रभावी पैरवी करने का आश्वासन दिया। साथ ही राशन डिपो का कोटा बढ़ाने और बाढ़ सुरक्षा के लिए प्रोटेक्शन वॉल निर्माण पर भी विचार करने की बात कही।

महिला मंडलों और युवक मंडल को आर्थिक सहायता: मुख्यमंत्री ने दो महिला मंडलों को दो-दो लाख रुपये तथा एक युवक मंडल को एक लाख रुपये की सहायता देने की घोषणा की। इसके अलावा पात्र महिलाओं को इंदिरा गांधी सुख सम्मान निधि के तहत 1,500 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने का भी एलान किया।
विज्ञापन

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बड़ा भंगाल के लोगों का जीवन कठिन परिस्थितियों में गुजरता है, लेकिन उनका हौसला प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा, बड़ा भंगाल को दुर्गम कहकर यहां के लोगों को उनकी आवश्यकताओं और विकास के अवसरों से दूर नहीं रखा जा सकता। हमारी सरकार में दुर्गमता कभी भी विकास की राह में बाधा नहीं बनेगी और न ही लोगों की समस्याओं को अनसुना करने का कारण बनेगी। बड़ा भंगाल के भाइयों-बहनों की एक-एक समस्या का समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जाएगा।
 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें