जसूर (कांगड़ा)। पंजाब और हिमाचल को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण चक्की पुल पर करीब छह महीनों से जमा मिट्टी और रेत को हटाने का कार्य आखिरकार शुरू हो गया है। इस समस्या को लेकर लंबे समय से स्थानीय पंचायतों, समाजसेवी संगठनों और क्षेत्रवासियों की ओर से प्रशासन से कार्रवाई की मांग की जा रही थी।
मानव अधिकार संघ के सहनिदेशक राजेश पठानिया ने बताया कि इस सप्ताह पुल से काफी मात्रा में मिट्टी और रेत हटाई गई है। हालांकि अब भी पुल पर काफी मलबा है। आवाजाही के दौरान उड़ने वाली धूल और रेत दोपहिया वाहन चालकों के लिए परेशानी का कारण बन रही थी। उन्होंने सफाई कार्य के लिए नूरपुर के एसडीएम अरुण शर्मा का आभार व्यक्त किया। मांग की कि शेष मलबे को भी जल्द हटाया जाए। उधर, एसडीएम अरुण शर्मा ने कहा कि प्रशासन इस मामले को गंभीरता से ले रहा है। अंतरराज्यीय पुल से पूरा मलबा हटवाने के निर्देश दिए गए हैं। यहां स्वच्छता और यातायात व्यवस्था बनाए रखना प्राथमिकता है।