धर्मशाला। नगर निगम धर्मशाला अब पालतू कुत्तों के पंजीकरण से भी अपनी आय बढ़ाएगा। इसके लिए नगर निगम धर्मशाला ने नया नियम बनाया है। नगर निगम क्षेत्र में रहने वाले लोगों को अब अपने पालतू कुत्ते का पंजीकरण करवाना जरूरी है।
वहीं, मालिक को एक कुत्ते के पंजीकरण के 500 रुपये जमा करवाने पड़ेंगे। अगर लोग ऐसा नहीं करते हैं, तो उन्हें एक हजार रुपये जुर्माना चुकाना पड़ेगा और उसके बाद हर दिन का 50 रुपये वसूले जाएंगे। वहीं, कुत्तों का व्यापार करने वाले व्यापारियों को भी एक कुत्ते के पंजीकरण पर 100 रुपये चुकाने पड़ेंगे। एमसी के इस कानून के बाद नगर निगम की आय में भी बढ़ोतरी होगी और शहर में बढ़ रहे लावारिस कुत्तों की संख्या में भी बढ़ोतरी होगी।
जानकारी के अनुसार 29 जून को नगर निगम हाउस में कुछ पार्षदों ने पालतू कुत्तों की ओर से शहर में जगह-जगह फैलाई जा रही गंदगी पर नाराजगी जताई थी। इस दौरान पार्षदों ने हाउस में पालतू कुत्तों का पंजीकरण करवाने और न मानने पर जुर्माने का प्रावधान रखने की मांग उठाई थी। इस पर पूरे हाउस ने इस समस्या पर सहमति जताई थी।
वहीं, हाउस के तुरंत बाद भी नगर निगम के अधिकारियों ने पालतू कुत्तों के पंजीकरण के लिए नया कानून बना दिया है। बता दें कि पार्षदों ने हाउस में कहा था कि मालिक अपने पालतू कुत्तों को पार्कों और सार्वजनिक स्थलों पर ले आते हैं और वहां गंदगी फैलाते हैं। इस कारण अन्य लोग गंदगी को देख पार्कों में आने से परहेज करते हैं। लोगों की इस समस्या ने नगर निगम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए नया कानून पारित कर दिया है।
समय पर कुत्तों का पंजीकरण करवा लें मालिक : मेयर
नगर निगम धर्मशाला के मेयर ओंकार नैहरिया ने बताया है कि लोगों की सुरक्षा और शहर की सफाई व्यवस्था को बनाए रखने के लिए नगर निगम पालतू कुत्तों का पंजीकरण अनिवार्य करने जा रहा है। जल्द ही पंजीकरण की प्रक्रिया शुरू हो जाएगी। इसके बारे में सभी को समय पर सूचित कर दिया जाएगा। सभी मालिक अपने कुत्तों का पंजीकरण करवा लें। निश्चित समय सीमा के अंदर पंजीकरण न करवाने वाले कुत्तों के मालिक पर जुर्माना लगाया जाएगा।