देहरागोपीपुर (कांगड़ा)। बणी पंचायत में आयोजित बाबा बलोटू पहाड़िया महादंगल में इस बार दर्शकों को कड़े और रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। दंगल की बड़ी माली का खिताब पंजाब के चीनू पहलवान ने अपने नाम किया। चीनू ने 18 मिनट के अत्यंत कड़े मुकाबले में हरियाणा के जाने-माने पहलवान प्रवेश को पराजित कर यह विजय हासिल की। दंगल कमेटी ने विजेता पहलवान चीनू को 85 हजार की नकद राशि से पुरस्कृत किया, जबकि उपविजेता प्रवेश को भी सम्मानजनक 75 हजार रुपये का नकद पुरस्कार प्रदान किया गया। दंगल में विशेष रूप से आमंत्रित 26 पहलवानों के अतिरिक्त अन्य पहलवानों को मिलाकर कुल 70 से भी अधिक कुश्ती मुकाबले करवाए गए। दंगल में दर्शकों का मुख्य आकर्षण चंबा के सुमित, हरियाणा के रोहित फौजी और कांगड़ा के सचिन फौजी रहे। राष्ट्रीय स्तर के पहलवान सुमित ने अपने प्रदर्शन से सभी को प्रभावित किया और लगातार दो कड़े मुकाबलों में जीत दर्ज की। महिला कुश्ती का मुकाबला भी खासा रोमांचक रहा। हमीरपुर से राष्ट्रीय स्तर की कृतिका पहलवान ने 13 मिनट के कड़े संघर्ष के बाद हरियाणा के वीके पहलवान को पराजित कर जीत हासिल की। मुख्यातिथि विधायक बिक्रम ठाकुर उपस्थित रहे। उन्होंने मेला कमेटी को 51 हजार रुपये की सहयोग राशि देने की घोषणा की।