पालमपुर (कांगड़ा)। राज्य स्तरीय होली मेले के आयोजन के लिए विधायक आशीष बुटेल की अध्यक्षता में बैठक हुई। बैठक का संचालन एसडीएम एवं महोत्सव समिति की अध्यक्ष नेत्रा मेती ने किया। बैठक समिति के गैर सरकारी तथा सरकारी सदस्यों ने भाग लिया। विधायक आशीष बुटेल ने कहा कि होली मेले का आयोजन 11 से 14 मार्च तक शहीद कैप्टन विक्रम बतरा मैदान में किया जाएगा। महोत्सव का शुभारंभ 11 मार्च को मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू करेंगे। 14 मार्च को समापन समारोह में मुख्यातिथि उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री होंगे।
उन्होंने बताया कि मेले के दौरान डॉग शो, फ्लावर शो, कार्फ रैली, बेबी शो, फैंसी ड्रेस, फन गेम्स, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, चैस, कैरम, कबड्डी, बास्केटबाल, वॉलीबाल, क्रिकेट मैच और दंगल का आयोजन किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि होली का शुभारंभ शोभायात्रा के साथ होगा। उन्होंने सभी विभागों को मेले के दौरान विकासात्मक प्रदर्शनियां लगाने के निर्देश दिए। बैठक में मेयर गोपाल नाग, आयुक्त नगर निगम डॉ. आशीष शर्मा, भारतीय प्रशासनिक सेवा की प्रोबेशनर अंजली गर्ग सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं गणमान्य लोग मौजूद रहे।