चांदड बमियाल में लोकमित्र केंद्र का शुभारंभ करते विधायक विपिन सिंह परमार। -स्रोत : संगठन
भवारना (कांगड़ा)। सुलह विधानसभा क्षेत्र के चांदड बमियाल में अब ग्रामीणों को सरकारी कामकाज के लिए दूर नहीं भटकना होगा। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष एवं स्थानीय विधायक विपिन सिंह परमार ने यहां नवनिर्मित लोकमित्र केंद्र का विधिवत शुभारंभ किया। केंद्र के खुलने से क्षेत्र की जनता को अब एक ही छत के नीचे तमाम डिजिटल सुविधाएं उपलब्ध होंगी।
विधायक परमार ने कहा कि लोकमित्र केंद्र सरकार और जनता के बीच एक मजबूत सेतु (पुल) का कार्य करेगा। अब ग्रामीणों को आय, जाति, निवास प्रमाण पत्र, पेंशन योजनाएं और बिजली-पानी के बिल जमा करने जैसी सुविधाओं के लिए शहर जाने की जरूरत नहीं होगी। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का लक्ष्य डिजिटल सेवाओं को अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना है, जिसे यह केंद्र चरितार्थ करेगा।
लोकमित्र केंद्र खुलने से क्षेत्र के लोगों में भारी उत्साह देखा गया। इस केंद्र के माध्यम से विभिन्न सरकारी योजनाओं के आवेदन गांव के समीप ही हो सकेंगे, जिससे लोगों के समय और पैसे दोनों की बचत होगी। इस मौके पर भाजपा मंडलाध्यक्ष हंसराज चौधरी, मंडल सचिव विजय गुलेरिया, संजय कुमार, रमेश चंद, मिलाप चंद और होशियार सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।