चैतडू से धर्मशाला एनएच पर सड़क किनारे टूटी रेलिंग। संवाद
धर्मशाला। चैतड़ू को धर्मशाला से जोड़ने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग इन दिनों यात्रियों की सुरक्षा के लिए बड़ा खतरा बन चुका है। सड़क किनारे बने दो से तीन फीट गहरे गड्ढे हर पल किसी बड़ी अनहोनी की आशंका पैदा कर रहे हैं। हैरानी की बात यह है कि बरसात के मौसम में उभरे इन जख्मों को भरने के लिए विभाग ने पिछले चार महीनों से कोई ठोस कदम नहीं उठाया है।
स्थानीय निवासियों और वाहन चालकों का आरोप है कि लोक निर्माण विभाग और संबंधित प्रशासन किसी बड़े हादसे का इंतजार कर रहा है। स्कूल शिक्षा बोर्ड धर्मशाला से लेकर चैतड़ू तक सड़क की स्थिति दयनीय हो चुकी है। सबसे अधिक समस्या रात के समय आती है, जब विपरीत दिशा से आने वाले भारी वाहनों को पास देते समय संकरी सड़क और गहरे गड्ढे वाहन चालकों के पसीने छुड़ा देते हैं।
मार्ग पर कई जगह क्रैश बैरियर गायब हैं और जहाँ लगे हैं, वे क्षतिग्रस्त हालत में हैं। संजीव कुमार, अश्वनी, और राजेश सहित दर्जनों स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि भविष्य की अनहोनी को टालने के लिए सड़क की मरम्मत तुरंत सुनिश्चित की जाए।
सड़क किनारे के गड्ढों को भरने के लिए संबंधित ठेकेदार को निर्देश जारी कर दिए गए हैं। मटौर से मैक्लोडगंज तक नए क्रैश बैरियर लगाने और पुराने की मरम्मत का प्रस्ताव सरकार को भेज दिया गया है। मंजूरी मिलते ही काम शुरू कर दिया जाएगा। -विवेक संधू, सहायक अभियंता, एनएच शाहपुर मंडल