परागपुर/रक्कड़ (कांगड़ा)। केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के बलाहर स्थित वेदव्यास परिसर में व्याप्त गंभीर पेयजल समस्या के समाधान की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया गया है। परिसर की निदेशक प्रो. सत्यम कुमारी और सह निदेशक प्रो. एसजी मंजूनाथ भट्ट के अथक प्रयासों से दिल्ली मुख्यालय ने इसके लिए 28 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की है। सह निदेशक ने बताया कि काफी समय से पेयजल आपूर्ति बाधित हो रही थी, जिसके कारण हॉस्टल में रहने वाली छात्राओं सहित समस्त विद्यार्थियों एवं स्टाफ को परेशानी का सामना करना पड़ रहा था। इस विकट स्थिति के निराकरण के लिए परिसर प्रशासन ने एक कमेटी का गठन किया और जलशक्ति विभाग के अधिकारियों के साथ विशेष बैठक की। विभाग के अधिकारियों ने परिसर की स्थिति का आकलन करते हुए 28 लाख रुपये का अनुमानित राशि सौंपते हुए प्रस्ताव दिया कि यदि विश्वविद्यालय यह राशि विभाग को उपलब्ध करवाता है, तो विभाग परिसर के लिए एक अलग पेयजल योजना तैयार करेगा। प्रस्ताव पर तत्काल कार्रवाई करते हुए केंद्रीय संस्कृत विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. श्रीनिवास बरखेड़ी ने त्वरित निर्णय लेते हुए 28 लाख रुपये की राशि वेदव्यास परिसर को भेज दी। परिसर की निदेशक ने जल शक्ति विभाग के अधिकारियों को बुलाया और इस पेयजल योजना को शीघ्र बनाने के लिए 28 लाख रुपये की राशि का चेक उन्हें सौंप दिया। जल शक्ति विभाग रक्कड़ के सहायक अभियंता जसवंत सिंह ठाकुर ने चेक प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए आश्वासन दिया कि दो या तीन माह के भीतर यह नई पेयजल योजना बनकर परिसर को सौंप दी जाएगी।